जबलपुर:मझगवां थाना अंतर्गत अगरिया में कलयुगी पुत्रों ने पिता के हाथ पैर बांधकर जिंदा बरगी नहर मेें फेंक दिया। मंगलवार को लाश दस किमी दूर नहर में मिली। जिसके बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर दोनों पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई कि पिता शराब के नशे में धुत होकर रोजाना विवाद करता था। बेटों को डांटता था जिसके चलते बेटों ने खौफनाक कदम उठाया।
थाना प्रभारी हरदयाल उदय सिंह ने बताया कि पुलिस के मुताबिक गिरानी कुमार चक्रवर्ती स्व. पिता सोनेलाल 55 वर्षीय निवासी अगरिया के दो बेटे है बड़ा बेटा अजय कुमार 32 वर्षीय और छोटा बेटा संतोष कुमार 28 वर्षीय है। पिता और बेटों के बीच विवाद होता था। शराब पीकर गिरानी कुमार परेशान करता था। 10 अगस्त को दोनों भाईयों ने खौफनाक हत्या की साजिश रची और योजना के मुताबिक पिता को रास्ते से हटाने के लिए पहले हाथ बांध और नहर में फेंकने ले जाने लगे, इसी बीच गिरानी के भतीजे शंकर कुमार ने देख लिया तो कहने लगे कि आज पिता को नहर में फेंक देंगे रोज रोज के विवाद से छुटकारा मिल जायेगा।
इसके बाद दोनों बरगी नहर के पास पहुंचे जहां उन्होंने गमच्छा और नारियल वाली रस्सी से पैर भी बांध दिए गए इसके बाद नहर में फेंक दिया। मंगलवार दोपहर में शव दस किमी दूर बुढरी बड़ी नहर में मिला जिसके बाद पुलिस ने शव को बरामद करने के बाद जांच पड़ताल की। दोनों बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने हत्या करना स्वीकार किया जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
