इंदौर:एरोड्रम रोड नयापुरा इलाके में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर चाय की दुकान चलाने वाले युवक को बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा. हमलावरों के पास चाकू, मटन काटने का सतूर और अन्य धारदार हथियार थे. पूरी घटना पीड़ित की पत्नी ने मोबाइल में कैद कर ली, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने के बजाय केवल साधारण मारपीट का मामला दर्ज कर उसे चलता कर दिया.
पीड़ित रोहित कुशवाह ने बताया कि वह परसों रात स्वामी परिवार के सचिन, सुनील, राकेश, विशाल के साथ बैठा था, तभी कहासुनी हो गई. अगले दिन दोपहर को दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया, लेकिन देर रात करीब 3:30 बजे सचिन और उसके साथी 5-7 अन्य लोगों के साथ घर आ धमके. दरवाजा खुलवाकर गालियां दीं, बाहर खींचकर मारपीट की और सतूर व फर्शी से हमला करने की कोशिश की. समय रहते भाइयों ने बीचबचाव कर जान बचाई.
मारपीट के बाद आरोपी मौके से भाग गए. रोहित की पत्नी सुनयना ने हमले का वीडियो बना लिया. रोहित का आरोप है कि जब वह केस दर्ज कराने थाने पहुंचा, तो वहां भी सचिन मौजूद था. चूंकि सचिन के ढाबे से थाने की हवालात के लिए खाना जाता है, इसलिए पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की और हथियार जब्त करने के बजाय मामूली मारपीट की धारा में केस दर्ज कर दिया. पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
