छतरपुर। नगर पालिका छतरपुर की स्वच्छता टीम द्वारा पर्यावरण संरक्षण और पुनः उपयोग की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को मिडिल स्कूल कोरयाना में “मेरी 3R राखी” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व स्वच्छता टीम लीडर विष्णु साहू ने किया। इस विशेष पहल के तहत बच्चों ने पुराने व अनुपयोगी वस्तुओं जैसे – रिबन, बटन, कपड़े के टुकड़े, पेपर, पॉलिथीन और धागे का उपयोग कर रक्षाबंधन के लिए सुंदर और रचनात्मक राखियाँ तैयार कीं।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों में 3आर यानी Reuse (पुनः उपयोग), Recycle (पुनर्चक्रण) और Reduce (कमी लाना) की सोच को विकसित करना था। कार्यक्रम में बच्चों ने न सिर्फ अपनी रचनात्मकता दिखाई बल्कि पर्यावरण के प्रति ज़िम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प भी लिया।
विद्यालय प्रबंधन और नगर पालिका टीम द्वारा बच्चों के कार्यों की सराहना की गई और उन्हें पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
