
इटारसी। सनखेड़ा स्थित वेयरहाउस पर गेहूं रिजेक्ट होने से नाराज किसानों ने करीब एक घंटे तक चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि सर्वेयर जानबूझकर उनका गेहूं रिजेक्ट कर रहे हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
किसानों के अनुसार, सरकारी खरीदी केंद्र पर बार-बार उनके गेहूं को रिजेक्ट किया जा रहा है। इसी से नाराज होकर बड़ी संख्या में किसानों ने वेयरहाउस के पास सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन की वजह से सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
एंबुलेंस के लिए खाली कराया रास्ता
चक्का जाम के दौरान जब एक एंबुलेंस वहां फंसी, तो प्रदर्शनकारी किसानों ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने तुरंत रास्ता बनाया और एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद अपना विरोध प्रदर्शन फिर से शुरू कर दिया।
प्रशासन की समझाइश और मानक का हवाला
मामले की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार कृष्णकांत उईके और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसानों को समझाया कि केवल एफएक्यू (FAQ) मानकों पर खरा उतरने वाला गेहूं ही खरीदा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नॉन-एफएक्यू गेहूं को एफसीआई द्वारा स्वीकार नहीं किया जा रहा है। बातचीत के बाद किसान शांत हुए और खरीदी का काम दोबारा शुरू हो सका।
