
जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत आने वाले जमतरा के खिरैनी घाट पर सोमवार को अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ की गई माइनिंग की कार्रवाई के दौरान एक युवक की जान चली गई। माइनिंग विभाग को देखकर दहशत में आए 24 वर्षीय आकाश बर्मन ने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है और ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और प्रदर्शन शुरू कर दिया। कई थाने का बल मौके पर पहुंच गया है और समझाइश दे रहा है।
सूत्रों के अनुसार, खिरैनी घाट पर कुछ स्थानीय युवकों द्वारा रेत और मुरम का उत्खनन किया जा रहा था। इसी दौरान एसडीएम और खनिज विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ वहां दबिश दी। टीम को देखते ही घाट पर भगदड़ मच गई। 4-5 लड़के मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन ग्राम जमतरा निवासी आकाश बर्मन को टीम ने घेर लिया। खुद को चारों ओर से घिरा देख आकाश घबरा गया और जान बचाने के लिए उसने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। कुछ समय बाद घाट के किनारे ही उसका शव बरामद हुआ। हादसे की खबर मिलते ही जमतरा के सैकड़ों ग्रामीण घाट पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन बड़े-बड़े खनन माफियाओं को संरक्षण देता है, जो मशीनों से खुलेआम अवैध उत्खनन कर रहे हैं, लेकिन उन गरीब ग्रामीणों को निशाना बनाया जाता है जो अपनी आजीविका के लिए बोरियों में रेत भरते हैं। मौके पर प्रदर्शन चल रहा है, पुलिस समझाइश दे रही है, कई थानों का बाल पहुंच चुका है
