
आष्टा। ग्राम कचनारिया जोड़ पर एक्सयूवी और बाइक के बीच हुई मामूली टक्कर से उपजे विवाद में कार सवार बदमाशों ने बाइक चालक पर फायरिंग कर दी. इसके आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की. आरोपियों की कार उमरसिंघई गांव में खड़ी मिली. पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया तो तीनों बदमाश बेदाखेड़ी के जंगल में पकड़ा गए. तीनों आरोपी राजस्थान निवासी हैं. इनके पास से 32 बोर की पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं. आरोपियों में से एक कोटा में हुए हत्या के प्रयास वाले प्रकरण में फरार होना बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार आष्टा थाना क्षेत्र के सेमनरी रोड निवासी 20 वर्षीय सचिन आ. मोरसिंह नायक अपनी बाइक से आष्टा की ओर जा रहा था. बताया जाता है कि ग्राम कचनारिया के समीप उसकी बाइक को एक एक्सयूवी क्रमांक आरजे 20 यूए 9388 के चालक ने टक्कर मार दी. इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस होने लगी. तभी कार में सवार तीन युवकों में से एक ने पिस्टल से सचिन के पैर पर फायर कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश वहां से भाग निकले. घायल युवक को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे भोपाल रेफर कर दिया गया है. सूचना मिलने पर एसडीओपी प्रवीण चढ़ोकर एवं थाना प्रभारी गिरीश दुबे अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से जानकारी हासिल की.
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी. इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध एक्सयूवी ग्राम उमरसिंघाई में खड़ी है. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन कार के पास कोई नहीं मिला. ग्रामीणों की मानें तो युवक कार खड़ी कर बेदाखेड़ी के जंगल की तरफ गए थे. पुलिस ने दो टीमों का गठन करते हुए बेदाखेड़ी के जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया. कुछ ही देर में तीनों युवक जंगल में भटकते पुलिस के हत्थे चढ़ गए. पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो एक के पास से 32 बोर पिस्टल, चार जिंदा कारतूस भी मिले. पुलिस उन्हें थाने लेकर आई जहां पूछताछ की जा रही है.
