
उज्जैन। पशु बेचकर लौट रहे 2 किसानों के साथ बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। किसानों की आंखों में मिर्ची झोंकी गई थी। कायथा पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिये कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। सोमवार शाम तक बदमाशों का सुराग नहीं मिल पाया था।
कायथा थाना क्षेत्र के ग्राम नलेश्री में रहने वाले 2 किसान सतीश शाह और रामलाल मक्सी बाजार में पशु बेचने गये थे। जहां भैंस का सौदा कर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। रामपुरा मार्ग लक्ष्मीपुरा फंटा पर पीछे से बाइक पर सवार 2 बदमाश आये और उन्होंने पहले किसानों की बाइक को टक्कर मारी। संतुलन बिगडऩे पर दोनों किसान गिर गये। बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने दोनों की आंखों में मिर्ची झोंकी और डेढ़ लाख रुपये नगद लूटकर भाग निकले। दिनदहाड़े किसानों के साथ हुई लूट का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग चुके थे।
एसडीओपी भविष्य भास्कर ने बताया कि किसानों की शिकायत पर बदमाशों का सुराग तलाश किया जा रहा है। वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है। माना जा रहा है कि जिस तरह से बदमाशों ने किसानों के साथ लूट को अंजाम दिया है, बदमाश मक्सी से पीछे लगे होंगे। पशु बाजार में उन्होंने रैकी की होगी।
