नयी दिल्ली 04 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित एक समारोह में डूरंड कप टूर्नामेंट 2025 की ट्रॉफियों का अनावरण किया।
आज यहां इस अवसर पर श्रीमती मुर्मु ने कहा कि खेल अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना को बढ़ावा देते हैं। खेलों में लोगों, क्षेत्रों और देशों को जोड़ने की अनूठी शक्ति है। भारत में यह राष्ट्रीय एकीकरण का एक शक्तिशाली साधन रहा है। ओलंपिक या किसी भी अंतरराष्ट्रीय आयोजन में जब तिरंगा फहराया जाता है तो सभी साथी नागरिक रोमांचित हो जाते हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि फुटबॉल का लाखों लोगों के दिलों में एक विशेष स्थान है। यह सिर्फ एक खेल नहीं है, एक जुनून है। फुटबॉल का खेल रणनीति, धीरज और एक समान लक्ष्य की ओर मिलकर काम करने के बारे में है। डूरंड कप जैसे आयोजन न केवल खेल की भावना को बढ़ावा देते हैं बल्कि फुटबॉल खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को विकसित करने में भी मदद करते हैं, उन्हें आगे बढ़ने के लिए एक मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने डूरंड कप की भावना को जीवित रखने और बढ़ावा देने में सशस्त्र बलों की भूमिका की सराहना की।
राष्ट्रपति ने सभी फुटबॉल प्रेमियों से देश में फुटबॉल के स्तर को बढ़ाने के लिए प्रयास करने का आग्रह किया।

