इंदौर:शहर में एक युवक द्वारा छोटे श्वान को गर्दन से पकड़कर इंस्टाग्राम रील बनाना महंगा पड़ सकता है. पशुप्रेमियों ने इस अमानवीय हरकत पर नाराजगी जताते हुए पुलिस कमिश्नर और एनिमल वेलफेयर बोर्ड को शिकायत भेजी है. मामला तीन इमली चौराहे के पास का बताया जा रहा है.शिकायत पीपल फॉर एनिमल संस्था के प्रियांशु जैन द्वारा की गई है. उन्होंने बताया कि वीडियो में रिक्शा चालक अज्जू नामक युवक एक छोटे श्वान को उसकी गर्दन पकड़कर हवा में उठाता नजर आ रहा है और यह पूरी घटना इंस्टाग्राम रील में रिकॉर्ड की गई है.
यह हरकत जानवर की सेहत को नुकसान पहुंचा सकती है और पशु क्रूरता की श्रेणी में आती है. जैन के अनुसार, इस तरह की वीडियो न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि अन्य लोगों को भी ऐसे कृत्य करने के लिए प्रेरित कर सकती है, जिससे बेजुबान जानवरों के प्रति हिंसा को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने मामले में संबंधित युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस और पशु कल्याण से जुड़े विभाग ने शिकायत को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है.
