
इंदौर. सांवेर के ग्राम सिंहाना स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को कढ़ी चावल खाने के बाद 38 बच्चों ने पेट दर्द, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत की. इनमें से 19 बच्चों को इंदौर के अरविंद अस्पताल लाया गया और चार को एहतियात के तौर पर आईसीयू में रखा है. हालांकि डॉक्टरों की जांच में किसी बच्चे की हालत गंभीर नहीं मिली और फूड पॉइजनिंग के स्पष्ट लक्षण भी सामने नहीं आए.
स्कूल में दोपहर करीब 1.30 बजे बच्चों को मिड-डे मील में कढ़ी-चावल परोसे गए थे. भोजन के कुछ देर बाद बच्चों ने तबीयत खराब होने की बात कही. स्कूल प्रबंधन ने परिजन को सूचना दी और बच्चों को अस्पताल पहुंचाया. देखते ही देखते अस्पताल में बच्चों और उनके परिजनों की भीड़ जुट गई. अरविंदो अस्पताल में बच्चों को करीब सात घंटे निगरानी में रखा. डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत सामान्य रही और देर शाम तक डिस्चार्ज करने की तैयारी थी. इलाज के दौरान यह भी सामने आया कि एक बच्ची को पहले से तीन दिन से बुखार था. बच्चों की तबीयत खराब होने की जानकारी के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्कूल पहुंचकर जांच की. खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कढ़ी चावल सहित भोजन और अन्य सामग्री के सैंपल लिए हैं. इन्हें जांच के लिए भेजा है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बच्चों की तबीयत खराब होने का भोजन से कोई संबंध था या नहीं. प्रशासन अब भोजन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी जुटा रहा है. इसमें भोजन कहां तैयार हुआ, स्कूल तक कैसे पहुंचा और परोसने से पहले उसकी गुणवत्ता की जांच हुई थी या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है.
एक बालिका पहले से थी अस्वस्थ
सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हसानी के नेतृत्व में चिकित्सकीय दल ने बच्चों की जांच की. एक बालिका पहले से अस्वस्थ थी और उसका उपचार चल रहा था. अरविंदो अस्पताल ले जाए गए बच्चों की भी जांच के बाद उन्हें सामान्य स्थिति में डिस्चार्ज किया गया. प्रशासन ने फिलहाल किसी बच्चे के गंभीर रूप से बीमार होने से इनकार किया है और बच्चों के स्वास्थ्य पर निगरानी रखी जा रही है.
