
छिंदवाड़ा। स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित चाय की दुकान के सामने मंगलवार रात दो युवकों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे एसएएफ आरक्षक पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। घटना क्षेत्र से लगे जेल बगीचे में हुई। हमले में आरक्षक घायल हो गया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे के अनुसार एसएएफ के आरक्षक मुकेश मालवी मंगलवार रात स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित चाय की दुकान पर चाय पीने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। मुकेश दोनों युवकों के पास पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान एक युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में आरक्षक घायल हो गए। उपचार के बाद पुलिस ने गुलाबरा निवासी सारंग उर्फ नकुल अरुणे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
देर रात भीड़ से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल ०००००
स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों के अनुसार निजी बस स्टैंड और स्वामी विवेकानंद परिसर के आसपास देर रात तक युवाओं की भीड़ रहती है। कुछ लोगों का आरोप है कि इनमें कुछ लोग नशे का सेवन भी करते हैं। दुकानदारों का कहना है कि पहले भी पुलिस से शिकायत की जा चुकी है। उनका कहना है कि देर रात होने वाली भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए। आरक्षक पर हमले की घटना के बाद पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
