सीबीएसई परीक्षा: नाती की खुदकुशी के गम में दादी की भी मौत

शिवपुरी। जिले के देहात थाना क्षेत्र स्थित छोटे लुहारपुरा में एक ही परिवार में 24 घंटे के भीतर हुई दो मौतों ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में दो विषयों में पूरक आने से परेशान 18 वर्षीय छात्र आर्यभान सिंह सिसौदिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं पोते की मौत का सदमा उसकी 75 वर्षीय दादी कमला सिसौदिया बर्दाश्त नहीं कर सकीं और हार्ट अटैक से उनका भी निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार आर्यभान सिंह सिसौदिया ने इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दी थी। बुधवार को घोषित परीक्षा परिणाम में उसके दो विषयों में पूरक आ गई थी। रिजल्ट आने के बाद वह काफी तनाव में था। इसी बीच उसने अपने घर की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में शोक फैल गया।

परिजनों के अनुसार आर्यभान की मौत का सबसे ज्यादा असर उसकी दादी कमला सिसौदिया पर पड़ा। जैसे ही उन्हें पोते की मौत की जानकारी मिली, वह गहरे सदमे में चली गईं। कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। कमला सिसौदिया प्रदीप सिंह, मनोज सिंह सिसौदिया उर्फ बंटी और धर्मेंद्र सिंह की मां थीं।

एक ही परिवार में 24 घंटे के भीतर बेटे और मां की मौत से परिजन पूरी तरह टूट गए हैं। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटे लुहारपुरा इलाके में भी शोक का माहौल बना हुआ है। आसपास के लोग और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

Next Post

शिवपुरी में यात्रियों से भरी बस के इंजन में धुआं उठा, आरटीओ ने बस जब्त कर जांच शुरू की

Sun May 17 , 2026
शिवपुरी। जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में मुड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास एक चलती बस के इंजन में अचानक स्पार्किंग हुई और धुआं निकलने लगा। यात्रियों से भरी बस में यह घटना होने पर हड़कंप मच गई गया। सिकरवार ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी07 पी 4188 शिवपुरी से ग्वालियर जा […]

You May Like