
इंदौर. एरोड्रम थाना क्षेत्र में शनिवार शाम नगर निगम के एक कर्मचारी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय वह घर में अकेला था. मां के वापस लौटने पर मामले का खुलासा हुआ.
मृतक की पहचान अखिलेश चौहान उम्र 35 साल पिता लीलाधर चौहान, निवासी छोटा बांगड़दा, तेजाजी मंदिर के पास के रूप में हुई है. वह नगर निगम के जोन-16, वार्ड-15 में कचरा कलेक्शन वाहन का चालक था. शनिवार शाम घटना के समय उसकी मां सब्जी मंडी गई हुई थीं, जबकि पत्नी बच्चों के साथ मायके गई थी. घर में अकेले होने के दौरान अखिलेश ने फांसी लगा ली. मां जब वापस लौटीं तो बेटे को फंदे पर लटका देखा. इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतक हनुमानजी का भक्त था और उसने फांसी लगाने से पहले भगवान की तस्वीर सीने से लगा रखी थी. परिजनों ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. इसी के चलते पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी और वापस नहीं लौटी थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव में आकर अखिलेश ने यह कदम उठाया. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
