सिंधिया स्कूल में स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन

ग्वालियर। सिंधिया स्कूल ग्वालियर में स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत आज विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करने वाली बहुआयामी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा, सृजनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर शैक्षणिक, खेलकूद, सर्वांगीण विकास तथा नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और सदनों की उपलब्धियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि विवेक राघवन ने प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने वर्षभर के परिश्रम, कल्पनाशीलता और सृजनात्मक अभिरुचि से तैयार की गई विभिन्न कलाकृतियों, मॉडलों और परियोजनाओं को प्रस्तुत किया। विज्ञान, साहित्य, साहसिक गतिविधियों तथा विविध कलाओं से संबंधित प्रदर्शनों ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

मूर्तिकला, लौह कला, काष्ठ कला, चित्रकला, पेपर मैशे की उत्कृष्ट कृतियाँ प्रदर्शित

प्रदर्शनी में मूर्तिकला, लौह कला, काष्ठ कला, चित्रकला, पेपर मैशे तथा स्टोन कार्विंग जैसी विविध कलाओं की उत्कृष्ट कृतियाँ प्रदर्शित की गईं। इन कलाकृतियों के माध्यम से विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति, रचनात्मक सोच और तकनीकी दक्षता का परिचय मिला।

विद्यालय में कंप्यूटर के इतिहास एवं उसके विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को चित्रों और मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। विज्ञान अनुभाग में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मौलिक एवं नवाचारी मॉडल प्रदर्शित किए गए। इन मॉडलों का निर्माण समाजोपयोगी कार्यों और दैनिक जीवन की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान को ध्यान में रखकर किया गया था। इन प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक दृष्टि और नवाचार की क्षमता को प्रभावशाली ढंग से उजागर किया।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को फोर्ट बायोस्फियर अनुभाग के माध्यम से दर्शाया गया। इस अनुभाग में ग्वालियर दुर्ग पर पाए जाने वाले गिद्धों के विषय में विशेष जानकारी प्रस्तुत की गई। गिद्धों की घटती संख्या तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए, इस प्रदर्शन के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

ब्रास बैंड ने दी मनमोहक धुनों की प्रस्तुति

इसके पश्चात विद्यालय के ब्रास बैंड ने विभिन्न मनमोहक धुनों की प्रस्तुति देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। स्वागत समारोह के उपरांत मुख्य अतिथि शुक्ला मेमोरियल मुक्ताकाशी रंगमंच पहुँचे, जहाँ विद्यार्थियों ने विद्यालय गीत का सस्वर गायन किया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक माधवराव सिंधिया प्रथम तथा माधवराव सिंधिया द्वितीय को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात विद्यालय के संगीत विभागाध्यक्ष द्वारा रचित बंदिश ‘राग रंग बरसे’, लोकप्रिय गीत ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ तथा विभिन्न सुरों और लयों से सुसज्जित वाद्यवृंद की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। संगीत की इन सुरमयी प्रस्तुतियों ने वातावरण को भावपूर्ण और संगीतमय बना दिया तथा उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बैच ऑफ 2001 ने भेंट किया पॉडकास्ट रूम

इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य अजय सिंह ने स्कूल की 2025-26 का वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत किया। इस वर्ष का माधव अवॉर्ड दीपक राज मल्हार दीवान को दिया गया, जो भारत में कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के साथ पंजीकृत एक कार्यकारी और कॉर्पोरेट निदेशक हैं। इस बार बैच ऑफ 2001 ने विद्यालय को पॉडकास्ट रूम का भेट दिया , जिसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया। इतिहास की चर्चा करते हुए सिंधिया ने कहा कि सिंधिया राजघराने द्वारा समाज के लिए अनेक कार्य किए गए और उसी कड़ी में सिंधिया स्कूल की स्थापना हुई। कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मशीन तो मशीन रहेगा परंतु मानवीयता सदा बनी रहेगी। तकनीक पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे सावधान रहने की जरूरत है, इसलिए इस पर नियंत्रण आवश्यक है।अंत में रंगारंग कार्यक्रम के रूप में शात्रों के समूहों के द्वारा एक संगीत में नृत्य प्रस्तुत किया गया।

विद्यार्थियों की उपलब्धियों को मिला सम्मान

स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। कक्षा 11 में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए उमंग माथुर मेमोरियल ट्रॉफी शिवाजी सदन के राजवीर अग्रवाल को प्रदान की गई। कक्षा 11 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का महेंद्र मिश्रा मेमोरियल ट्रॉफी पुरस्कार महादजी सदन के युवराज सिंह को मिला। कक्षा 11 में सर्वांगीण दक्षता के लिए महाराजा माधवराव सिंधिया द्वितीय पदक भी युवराज सिंह को प्रदान किया गया।

कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में गणित विषय में सर्वाधिक अंक प्रतिशत प्राप्त करने के लिए आर. बी. पवार पदक महादजी सदन के भावेश मित्तल तथा शिवाजी सदन के नवांश मंकार को प्रदान किया गया। कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्रतिशत प्राप्त करने के लिए गवर्नर्स मेडल माधव सदन के अयान चिंतन शाह को मिला। वर्ष 2025–26 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए फील्ड मार्शल करियप्पा शील्ड रानोजी सदन के विशिथ वेंकटेश को प्रदान की गई। कक्षा 12 में सर्वांगीण दक्षता के लिए महाराजा जीवाजी राव सिंधिया पदक रानोजी सदन के श्रेष्ठ अग्रवाल को मिला।

ई-20 पेट्रोल रिफाइनिंग को मिला सैम पित्रोदा पुरस्कार

शैक्षणिक सत्र 2026–27 के सर्वश्रेष्ठ नवाचारी प्रोजेक्ट के लिए सैम पित्रोदा पुरस्कार क्लियर फ्लो (ई-20 पेट्रोल रिफाइनिंग) परियोजना को प्रदान किया गया। इस परियोजना के लिए रानोजी सदन के प्रभ साहिब सिंह ओबेरॉय और महादजी सदन के देवांश भुटानी को सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जागरूकता और योगदान के लिए एनवायरनमेंट एम्बेसडर के रूप में जयप्पा सदन के अखंड प्रदीप राय को चुना गया। वहीं, गुड सिटिजन अवार्ड महादजी सदन के प्रांजल शर्मा को प्रदान किया गया।

सदनों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देते हुए, वर्ष 2025–26 के लिए कनिष्ठ सदनों की खुर्शीद लकड़ावाला जूनियर हाउस एफिशिएंसी शील्ड जांकोजी सदन को प्रदान की गई। शैक्षणिक क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ सदन का गुरु हरगोविंद सिंह (गुरुद्वारा) ट्रॉफी पुरस्कार महादजी सदन को मिला। खेलकूद में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए नेपाल ट्रॉफी रानोजी सदन को प्रदान की गई। वहीं, समग्र प्रदर्शन के आधार पर जनरल एफिशिएंसी शील्ड भी रानोजी सदन ने प्राप्त की।

इन पुरस्कारों के माध्यम से विद्यालय ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, खेल प्रतिभा, नवाचार, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, नागरिक जिम्मेदारी और सर्वांगीण विकास के महत्व को रेखांकित किया।

स्थापना दिवस समारोह ने सिंधिया स्कूल की समृद्ध परंपरा, उत्कृष्ट शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों के सम्मान ने समारोह को विशेष बना दिया। अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता ने इस अवसर को और भी यादगार बनाया।

इस अवसर पर सिंधिया स्कूल के प्राचार्य अजय सिंह, उप-प्राचार्या सुश्री स्मिता चतुर्वेदी, देश के विभिन्न भागों से आए गणमान्य जन, अभिभावकगण, विद्यार्थी तथा शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Next Post

रोझौही में न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में कांग्रेस ने डाला डेरा

Sat Oct 24 , 2026
रीवा,  मनगवां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण एवं शहर के नेतृत्व में दो दिवसीय ‘डेरा डालो-घेरा डालो’ आंदोलन शुरू हो गया है. 24 एवं 25 अक्टूबर को आयोजित इस आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस ने किसानों की जमीन, […]

You May Like