
शिवपुरी। जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में मुड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास एक चलती बस के इंजन में अचानक स्पार्किंग हुई और धुआं निकलने लगा। यात्रियों से भरी बस में यह घटना होने पर हड़कंप मच गई गया। सिकरवार ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी07 पी 4188 शिवपुरी से ग्वालियर जा रही थी। बताया गया है कि बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। मुड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही इंजन में स्पार्किंग हुई और धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत बस रोकी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। कुछ देर बाद इंजन से धुआं निकलना बंद हो गया। यात्रियों को दूसरी बस से ग्वालियर भेजा गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
इस घटना ने एक बार फिर शिवपुरी-ग्वालियर-गुना रूट पर चलने वाली निजी बसों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बस संचालक आरटीओ नियमों की अनदेखी करते हुए क्षमता से अधिक यात्री बैठाते हैं। उनका यह भी कहना है कि कई बसों के पास फिटनेस सर्टिफिकेट तो होते हैं, लेकिन वे तकनीकी रूप से अनफिट हालत में सड़कों पर दौड़ रही हैं। लोगों का आरोप है कि ऐसी शिकायतें पहले भी सामने आई हैं, लेकिन परिवहन विभाग द्वारा कोई प्रभावी जांच या कार्रवाई नहीं की गई। सूचना मिलते ही शिवपुरी आरटीओ रंजना भदौरिया मौके पर पहुंचीं और संबंधित बस को जब्त कर सुभाषपुरा थाना परिसर में खड़ा करवाया गया है।
