
सागर। मध्य प्रदेश के सागर संभागायुक्त दिलीप कुमार की अध्यक्षता में कमिश्नर कार्यालय में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभाग के सभी जिलों के जिला परिवहन अधिकारियों से पिछले तीन माह में वाहनों की जांच और उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। बैठक में जानकारी दी गई कि नशे में वाहन चलाने के मामलों में इस वर्ष अब तक संभाग में कुल 501 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें सागर जिले में 265, छतरपुर में 121, दमोह में 87, पन्ना में 21 और टीकमगढ़ में 7 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि नशे में वाहन चलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के आधार पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।कमिश्नर ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूली बसों के साथ अन्य वाहनों की भी नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने दमोह में हाल ही में हुई घटना को ध्यान में रखते हुए वाहनों की सघन जांच करने तथा 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के मालिकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ऐसे वाहनों को बदलने, परमिट निरस्त करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए भी कहा।कमिश्नर ने वाहन जांच के दौरान फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बैठक में कमिश्नर ने परिवहन विभाग के राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए चेक पोस्ट के माध्यम से वसूली सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बकाया कर की वसूली के लिए नोटिस जारी करने और आवश्यकतानुसार वाहन पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई करने को कहा।
