
शाजापुर, प्राइवेट बैंक में ऑपरेशनल मैनेजर के पद पर पदस्थ रही एक महिला ने अपने ही बैंक के अकाउंटेंट पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय पीडि़ता ने बताया कि वर्ष 2025 में वह शाजापुर स्थित प्राइवेट बैंक में कार्यरत थी. इसी दौरान उसकी पहचान बैंक के ही अकाउंटेंट शिवम दुबे निवासी जिला कटनी से हुई थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर 25 अगस्त 2025 को उसके साथ पहली बार संबंध बनाए. इसके बाद वो बार-बार संबंध बनाता रहा. यही नहीं जब भी वह शादी की बात करती थी आरोपी टालमटोल करता. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट तथा गाली गलौज करता था. बाद में आरोपी का ट्रांसफर दमोह हो गया, लेकिन वह वीकेंड पर उससे मिलने शाजापुर आता रहा. युवती का कहना है कि उसके मना करने के बावजूद आरोपी जबरन उसके घर पहुंच जाता था और शारीरिक संबंध बनाता था. बाद में उसका ट्रांसफर खंडवा हो गया जिसके बाद आरोपी फोन और संदेशों के माध्यम से उसे परेशान करने लगा, अश्लील बातें करता था. युवती ने आरोपी के पिता से भी विवाह की बात की लेकिन उन्होंने दोनों की जाति अलग होने का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया. पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी शिवम दुबे के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट, गाली गलौज और जातिसूचक अपमान करने के आरोप में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस एवं एससी एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है.
