![]()
सतना। कोटर थाना क्षेत्र के किचवारिया गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये का सामान पार कर दिया। चोर घर के पीछे की तरफ से दाखिल हुए और परिवार के सदस्य सोते रहे। सुबह करीब 6 बजे उठने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई।
पीड़ित विनय त्रिपाठी ने बताया कि चोर घर में रखी पेटियों को तोड़कर करीब 7 तोला सोना और 2 किलो चांदी सहित अन्य सामान ले गए। कुछ पेटियां चोरों ने घर के आंगन में तोड़ीं, जबकि कुछ पेटियां घर से दूर धान के खेत में ले जाकर तोड़ी गईं। हैरानी की बात यह भी सामने आई कि चोरी करने के दौरान चोरों ने घर में रखा दूध भी पीया और इसके बाद वहां से निकल गए।
चोरी की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने 112 पर सूचना दी, जिसके बाद कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने जांच के लिए डॉग स्क्वायड की मदद लेने का प्रयास किया, लेकिन सतना में डॉग स्क्वायड उपलब्ध नहीं होने के कारण टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी।
जानकारी जुटा रही पुलिस
फिलहाल पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में चोरी को लेकर दहशत का माहौल है।
