भोपाल: मध्यप्रदेश में एक साथ तीन मौसमीय सिस्टम सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी है, जिससे तापमान में औसतन तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढ़ने के साथ अब सुबह और रात के समय कोहरे और विजिबिलिटी में कमी का असर भी दिखने लगा है।
राजधानी भोपाल में मंगलवार देर रात हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे रात का तापमान और नीचे चला गया।
बुधवार सुबह कई इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के कारण यह बदलाव आया है।मंगलवार दी रात को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, शिवपुरी, खरगोन, गुना, देवास, खंडवा, शाजापुर और आगरमालवा सहित कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
मौसम विभाग ने आज बुधवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, निवाड़ी, दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़, सागर, सतना, मऊगंज, मैहर, रीवा, दमोह और पन्ना में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं शहडोल, शिवपुरी, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, अशोकनगर, गुना, मंदसौर, नीमच, कटनी और उमरिया में बादल छाए रहने की संभावना है।ठंड और लगातार बारिश के चलते ग्वालियर जिले में कलेक्टर रुचिका चौहान ने कक्षा आठवीं तक के सभी शासकीय-अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दो-तीन दिनों तक प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश, ठंडी हवा और सुबह-शाम कोहरे का असर बना रह सकता है, जिससे विजिबिलिटी कम होने की संभावना है।
