शाह ने बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का किया उद्घाटन

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन किया।

श्री शाह ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार दिल्लीवासियों को 1,941 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री शाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग से राजधानी में आधुनिक, मजबूत और नागरिक-केंद्रित इंफ्रास्ट्रक्चर को गति मिल रही है। केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर दिल्लीवासियों की वर्षों पुरानी आवश्यकताओं को पूरा करने तथा राजधानी की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि राजधानी में सड़क, फ्लाईओवर, अंडरपास और एलिवेटेड कॉरिडोर का ऐसा मजबूत नेटवर्क तैयार हो, जिससे अलग-अलग क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम हो, यातायात दबाव कम हो और दिल्लीवासियों के समय की बचत हो। आज शुरू हुई परियोजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच नीति, योजना और क्रियान्वयन के स्तर पर बेहतर समन्वय का सीधा लाभ दिल्लीवासियों को मिल रहा है। आज दिल्ली को मिली ये परियोजनाएं केवल सड़क, फ्लाईओवर और अंडरपास नहीं हैं, बल्कि लाखों दिल्लीवासियों के समय की बचत, बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम आवागमन और बेहतर जीवन-स्तर से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधाएं हैं।

दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि आज दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए महत्वपूर्ण दिन है। बारापुला फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन तथा लोनी अंडरपास और सावित्री सिनेमा-मोदी मिल फ्लाईओवर का शिलान्यास दिल्ली की कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत इन परियोजनाओं को दिल्ली की जनता को समर्पित करना हमारे लिए विशेष अवसर है। हमारा प्रयास है कि दिल्ली में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास इस तरह हो कि उसका सीधा लाभ लोगों के रोजमर्रा के सफर, समय और सुविधा में दिखाई दे।

बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 शुरू होने से मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां होते हुए दक्षिण दिल्ली और एम्स तक सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मजबूत होगी। करीब 10.9 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर को मौजूदा बारापुला नेटवर्क से जोड़ा गया है। परियोजना में यातायात को अलग-अलग दिशाओं में सुचारु रूप से संचालित करने के लिए नौ लूप बनाये गये हैं। पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए भी अलग सुविधाएं विकसित की गयी हैं। इससे पूर्वी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और नोएडा से आने-जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा। यह कॉरिडोर दिल्ली के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सिग्नल-फ्री कड़ी के रूप में काम करेगा।

 

 

Next Post

पर्यावरण संरक्षण राष्ट्रीय जिम्मेदारी: भूपेंद्र यादव

Tue Sep 29 , 2026
नयी दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं बल्कि पूरे देश की जिम्मेदारी है और इसमें वनकर्मियों तथा वन एवं जनजातीय समुदायों की महत्वपूर्ण भूमिका है। श्री यादव ने मंगलवार को यहां भारतीय वन सेवा […]

You May Like