नयी दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं बल्कि पूरे देश की जिम्मेदारी है और इसमें वनकर्मियों तथा वन एवं जनजातीय समुदायों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
श्री यादव ने मंगलवार को यहां भारतीय वन सेवा संघ (आईएफएसए) और इंडियन मास्टरमाइंड्स द्वारा आयोजित चौथे ‘इको वॉरियर अवार्ड्स एवं इको वॉरियर कॉन्क्लेव’ में यह बात कही। इस अवसर पर वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी बी.के. सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड तथा 15 वन अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि भारत के वन जल, जलवायु, मिट्टी, जैव विविधता और आजीविका के लिए महत्वपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र हैं। जलवायु परिवर्तन, वनाग्नि, जल संकट, आवासों के विखंडन और आक्रामक प्रजातियों जैसी बढ़ती चुनौतियों के बीच वन अधिकारियों को विकास, आजीविका, मानव आकांक्षाओं और वन्यजीवों की जरूरतों के बीच संतुलन बनाना पड़ रहा है।
श्री यादव ने कहा कि संरक्षण के लिए ऐसा समग्र दृष्टिकोण जरूरी है, जिसमें वन, वन्यजीव, कृषि, जल, आजीविका और मानव बस्तियों को एक साथ देखा जाए। उन्होंने वन क्षेत्रों की सुरक्षा में बीट गार्ड, रेंजर और अन्य अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।
