ब्यावरा: जिले के जीरापुर में दोस्त का जन्मदिन मनाकर सोयत कला लौट रहे तीन युवकों की कार गुरुवार रात माचलपुर के पास अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे उतर गई. कार 2 से 3 बार पलटने के बाद करीब 10 फीट दूर खाई में जाकर उलट गई. हादसे में सोयत कलां निवासी 23 वर्षीय राघव शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी अश्विन सोनगरा और राहुल कारपेंटर को मामूली चोटें आईं.
हादसा माचलपुर थाना क्षेत्र में गोघटपुर और बालाजी मंदिर के बीच हुआ. कार खाई में उलटी गिरी थी और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए थे। हादसे के बाद अश्विन और राहुल किसी तरह कार से बाहर निकले. उन्होंने सडक़ से गुजर रहे लोगों को रोककर मदद मांगी. आसपास के लोग उन्हें माचलपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राघव को मृत घोषित कर दिया.
घायल राहुल ने पुलिस को बताया कि वे तीनों जीरापुर में अपने दोस्त का जन्मदिन मनाकर कार से सोयत कलां लौट रहे थे. इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर पलट गई. सूचना मिलने पर माचलपुर थाना प्रभारी आदित्य सोनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली.
सिर में अंदरूनी चोट से हुई मौत
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे राघव के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया. डॉक्टर भरत लाल शाक्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया सिर में अंदरूनी चोट लगने से मौत होना प्रतीत हो रहा है. सिर के अंदर चोट से ब्लीडिंग हुई थी, लेकिन खून बाहर नहीं आया. शरीर पर अन्य चोट के स्पष्ट निशान भी नहीं मिले हैं.
मामा ने बचपन से किया था पालन-पोषण
राघव के मामा मनीष उपाध्याय ने बताया कि राघव के माता-पिता नहीं थे. उन्होंने ही बचपन से उसका पालन-पोषण कर उसे बड़ा किया था. राघव उनके पास ही रहता था और मिलनसार स्वभाव का था. देर रात परिजन अस्पताल पहुंचे थे. शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
