मैहर : जिले के बदेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझगवां धनवाही में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई. घटना के बाद अस्पताल में पोस्टमार्टम में हुई देरी को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मझगवां धनवाही निवासी करण चौधरी (16) शुक्रवार सुबह अपने खेत से पैदल घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में एक जहरीले सर्प ने उसे डस लिया
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल मैहर लेकर पहुंचे.
अस्पताल में उपचार के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया
पुलिस ने कायम किया मर्ग
घटना की सूचना मिलते ही बदेरा थाना पुलिस मैहर सिविल अस्पताल पहुंची.पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर मर्ग कायम कर लिया है. पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है
पोस्टमार्टम में देरी पर बरसे कांग्रेस नेता
घटना के बाद मैहर सिविल अस्पताल की कार्यप्रणाली और अव्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह ने अस्पताल प्रबंधन पर डॉक्टरों की अनुपस्थिति का आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टरों के न होने के कारण पीड़ित परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए घंटों तक भटकना और इंतजार करना पड़ा. उन्होंने जिला प्रशासन से अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
