मैहर : जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भदनपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां भदनपुर माध्यमिक शाला से छुट्टी के बाद घर लौट रहा पहली कक्षा का एक मासूम बच्चा सड़क पर बह रहे पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया. गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी में छलांग लगा दी और समय रहते बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
मिली जानकारी के अनुसार, पहली कक्षा का यह छात्र अपनी बहन और अन्य सहपाठियों के साथ स्कूल से घर जा रहा था. लगातार बारिश के कारण सड़क पर पानी का जलभराव था और बहाव बेहद तेज था. सड़क पार करते समय मासूम का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह तेज धार के साथ बहता हुआ पास ही बनी पुलिया के ढोले की ओर जाने लगा.
हालांकि, बिना एक पल गंवाए स्थानीय ग्रामीण तुरंत उफनते पानी में उतरे और मासूम को सुरक्षित खींच निकाला.यदि ग्रामीण थोड़ी सी भी देरी करते तो बड़ा हादसा हो सकता था.
इस घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन और स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों की पोल खुल गई है. ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में स्कूलों के आसपास जलभराव की स्थिति आम हो जाती है, लेकिन सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए जाते.
इनका कहना
टीम भेज कर जांच कराई जाएगी, और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
सलोनी शर्मा डीईओ सतना
