उज्जैन:लोकायुक्त पुलिस की उज्जैन इकाई ने रतलाम जिले के जावरा में एक सहायक ग्रेड-दो कर्मचारी को सेवानिवृत्ति संबंधी दस्तावेज जारी कराने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक लक्ष्मीनारायण लोट ने शिकायत की थी कि उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ जारी कराने के लिए संकुल केन्द्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू, जावरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-दो कर्मचारी अनिल वर्मा रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आज कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल वर्मा को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए ट्रेप किया। आरोपी ने रिश्वत की राशि लेकर अपनी टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी थी, जहां से लोकायुक्त दल ने राशि बरामद कर ली।आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई।
ट्रेप दल में उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना लोकायुक्त को दें।
