बैतूल:मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी तहसील अंतर्गत जाजबोड़ी गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्य संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में मिले। घटना में 18 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई, जबकि उसके माता-पिता की हालत गंभीर बनी हुई हैपुलिस के अनुसार जाजबोड़ी निवासी प्रदीप साहू (18) अपने माता-पिता के साथ घर में अचेत अवस्था में मिला।
बताया गया कि प्रदीप की विवाहित बहन, जो मुलताई में रहती है, ने सोमवार को परिवार से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। आशंका होने पर उसने अपनी एक सहेली को घर जाकर हालचाल लेने के लिए भेजा। सहेली के मौके पर पहुंचने पर तीनों सदस्य घर के भीतर बेहोश पड़े मिले।ग्रामीणों की मदद से तीनों को तत्काल घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले प्रदीप की मृत्यु हो गई।अस्पताल चौकी प्रभारी जयपाल सिंह रघुवंशी ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। युवक की मां को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि पिता का उपचार आइसोलेशन वार्ड में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अचेत होने के कारणों का स्पष्ट खुलासा चिकित्सकीय रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
