विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मजिस्ट्रियल जांच के बाद हुआ पोस्टमार्टम

सतना: जिला जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान ग्राम झाली निवासी 40 वर्षीय मन्नू उर्फ मनोज सिंह के रूप में हुई है, जिसे कोठी थाना पुलिस ने बीती 2 जुलाई को विभिन्न धाराओं व एससी-एसटी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेजा था.
घटना के संबंध में बताया गया कि बीते 23 जुलाई की शाम बंदी मन्नू ने अचानक पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की थी. इस पर जेल प्रशासन ने तुरंत उसे जेल के ही अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया, जहां उसने कुछ राहत महसूस होने की बात कही थी. हालांकि सुरक्षा के लिहाज से उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था, लेकिन देर रात करीब 11 बजे वह अचानक अपने पलंग से नीचे गिर पड़ा.उसकी हालत बिगड़ती देख जेल सुरक्षा बल की अभिरक्षा में उसे तुरंत ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद रात 11:36 बजे उसे मृत घोषित कर दिया.

कस्टडी में मौत की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और नियमानुसार मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए. शुक्रवार को मजिस्ट्रियल प्रक्रिया पूरी होने के बाद डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया.फिलहाल पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.

Next Post

​सावन में मिलावटखोरों पर शिकंजा: भोपाल की डेयरियों से दूध-पनीर के 11 नमूने जब्त

Sat Jul 25 , 2026
भोपाल। सावन माह में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने भोपाल में विशेष सघन जांच अभियान चलाया. कलेक्टर भोपाल के निर्देश पर विभिन्न डेयरियों और दुग्ध उत्पाद विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध एवं दुग्ध उत्पादों के कुल […]

You May Like