सीहोर। विद्युत करंट की चपेट में आकर घायल हुए किसान सतीश मेवाड़ा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जिले के किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. रविवार को किसानों ने अनोखे तरीके से आम के पेड़ों की डालियों पर बैठकर थालियां बजाई और विद्युत मंडल के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
किसानों ने विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री तथा श्यामपुर के सहायक यंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. किसानों का आरोप है कि11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से किसान सतीश मेवाड़ा गंभीर रूप से घायल हुए थे. किसानों की मांग है कि घायल सतीश मेवाड़ा को 25 लाख रुपए का मुआवजा, सरकारी नौकरी तथा जिम्मेदार विद्युत अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए. किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो घायल किसान सतीश मेवाड़ा के बुजुर्ग पिता उन्हें हाथ ठेले पर लेकर सीहोर से दिल्ली जाएंगे. वहां जंतर-मंतर से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय तक न्याय की गुहार लगाने की बात कही गई है.
