चरित्र शंका में कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या 

भोपाल। कोलार क्षेत्र के अब्बास नगर में चरित्र शंका और शराब के पैसों को लेकर हुए विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने शेविंग ब्लेड से अपना गला रेतकर खुदकुशी की कोशिश की थी. पत्नी ने हमीदिया अस्पताल में पांच दिन तक चले इलाज के बाद शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया. आरोपी पति की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस के अनुसार, घटना 23 अक्टूबर की सुबह जैन मंदिर के पास हुई थी. रमेश कनाचिया ने पत्नी किरण (38) के सिर, हाथ और पैरों पर कुल्हाड़ी से कई वार किए थे. इसके बाद उसने खुद को भी ब्लेड से घायल कर लिया. घर में मौजूद बेटी अनुष्का ने दोनों को खून से लथपथ देखा. सूचना पर पहुंची कोलार पुलिस ने मौके से कुल्हाड़ी और ब्लेड जब्त कर दोनों को अस्पताल पहुंचाया था. परिजनों के मुताबिक, रमेश को शराब की लत थी और वह अक्सर पत्नी से पैसे मांगकर विवाद करता था. करीब दो साल पहले सड़क हादसे के बाद उसने काम छोड़ दिया था. इसके बाद किरण मजदूरी कर दो बेटों और दो बेटियों का पालन-पोषण कर रही थी. रमेश पत्नी के चरित्र पर भी शक करता था. किरण की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज किया है. उसकी हालत गंभीर होने के कारण पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए उसके होश में आने और डॉक्टरों की अनुमति का इंतजार कर रही है.

Next Post

करवाचौथ का व्रत तोड़ पति-पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान

Fri Oct 30 , 2026
भोपाल। करवाचौथ की रात खजूरी सड़क थाना क्षेत्र के बरखेड़ा बोंदर गांव में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. पत्नी का शव घर के कमरे में मिला, जबकि पति का शव घर से करीब 100 मीटर दूर पेड़ पर लटका मिला. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चांद देखने के बाद […]

You May Like