छतरपुर। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के पंचमपुर गांव में एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत को लेकर परिजनों ने पंचायत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक गणेशा अहिरवार के परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।
मृतक की पत्नी विद्या अहिरवार के अनुसार, उनके पति एक पुराने हत्या प्रकरण में जमानत पर रिहा होने के बाद गांव लौटे थे। 17 जनवरी 2026 को गांव के मंदिर में बुलाई गई पंचायत में कथित तौर पर उन पर 3 से 4 लाख रुपये खर्च कर धार्मिक अनुष्ठान कराने और पंचायत के फैसले मानने का दबाव बनाया गया। परिजनों का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे यह खर्च वहन नहीं कर सके, जिसके बाद परिवार को गांव से बाहर करने और सामाजिक बहिष्कार की धमकी दी गई।
परिवार का आरोप है कि लगातार मानसिक तनाव के चलते उसी रात गणेशा अहिरवार की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी दावा किया कि मृत्यु के बाद जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करा दिया गया। मृतक के बेटे ने शिकायत में बताया कि आज भी परिवार का हुक्का-पानी बंद कर दिया गया है और गांव में लोग उनसे दूरी बनाए हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
