ब्यावरा/सुठालिया। अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, विद्यालय भवनों के सौंदर्यकरण, पुस्तकालयों, शौचालयों एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों के विकास एवं अन्य विकास निर्माण कार्यो के लिए लगभग 12 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है. राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार के प्रयासों से ब्यावरा विधानसभा को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात के रुप में 12 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत हुई है.
ब्यावरा स्थित शासकीय कन्या हा.से. स्कूल में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशाला की संख्या, सिविल कार्य, कूलर, ग्रीन बोर्ड व कैमरा लगाए जाने हेतु 1 करोड़ 78 लाख 76 हजार रुपये, शासकीय हा.से. बालक स्कूल सुठालिया के लिए बाउण्ड्रीवॉल, मरम्मत कार्य, टॉयलेट निर्माण, एप्रोच सीसी रोड निर्माण हेतु 5 करोड़ 80 लाख 83 हजार रुपये तथा शासकीय कन्या हा. से. स्कूल सुठालिया में अतिरिक्त कक्ष, गेट, मरम्मत कार्य हेतु 2 करोड़ 32 लाख 36 हजार रुपये एवं शासकीय हा.से. स्कूल लखनवास में 7 अतिरिक्त कक्ष, मरम्मत कार्य, टॉयलेट निर्माण के लिए 2 करोड़ 10 लाख 51 हजार रुपये स्वीकृत हुए है. उक्त राशि परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के द्वारा स्वीकृत की गई है.
विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
राज्यमंत्री श्री पंवार ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि इससे विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा. विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यर्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढऩे के अवसर प्रदान कर रही है.
सौंदर्यीकरण, विकास कार्य होंगे
स्वीकृत राशि से विद्यालय भवनों के सौंदर्यकरण, पुस्तकालयों, शौचालयों एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों के विकास कार्य किए जाएंगे. इससे न केवल विद्यार्थियों की सुविधाओं में वृद्धि होगी, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा.
