नयी दिल्ली 06 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्ववर्ती सरकार पर सूबे की ऐतिहासिक विधानसभा के इतिहास को विकृत करने का आरोप लगाया और इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को देश से माफी मांगने की मांग की।
भाजपा के अभय वर्मा ने आज विधानसभा में कहा कि आप की पूर्ववर्ती सरकार ने इस ऐतिहासिक विधानसभा के इतिहास को विकृत करने और लोगों को इसके बारे में गलत जानकारी परोसने का पाप किया है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार ने लाखों रुपये खर्च कर के नौ दिसम्बर 2022 को एक समारोह का आयोजन किया था और कहा था कि इस विधानसभा में एक फांसी धर और यहां से लालकिला तक एक सुरंग था।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उस समय यहां एक शिलालेख लगवाया था, जिसमें कुछ शहीदों की तस्वीरें भी लगायी गयी थी। वह शिलालेख आज भी मौजूद है। इस तरह श्री केजरीवाल ने इस विधानसभा जो भारत का पहला संसद भवन भी है, के इतिहास को तोड़ने मरोड़ने का पाप किया है और इसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने जिस फांसी धर और जिसे फांसी का फंदा बताया है, दरअसल उसकी व्यवस्था सदन के सम्मानित सदस्यों को भोजन मुहैया कराने के लिए की गयी थी। जिसे केजरीवाल सरकार ने फांसी का फंदा बताया है, उस लड़की के बाक्स से सदन के सदस्यों के लिए टिफिन लाया जाता था।
श्री वर्मा जब इस मुद्दे पर विधानसभा में बोल रहे थे, उस समय ब्रिटेन का एक प्रतिनिधिमंडल विधानसभा की कार्यवाही देखने के लिए सदन में उपस्थित था। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने इस विधानसभा के इतिहास को विकृत करने का काम किया है और इसके लिए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए और उनके मंत्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस पर आप के विधायक हंगामा करने लगे। आप के विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि श्री वर्मा ने सदन में झूठ बोला है और सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय राजनीति करके अपनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, “अध्यक्ष महोदय श्री वर्मा जब बोल रहे थे, तो मैंने चैटजीपीटी से जानकारी हासिल की कि क्या दिल्ली विधानसभा में कभी फांसी घर था, तो मुझे जो जानकारी मिली है, उसे पढ़कर बताता हूं। इसमें साफ लिखा है कि दिल्ली विधानसभा में फांसी घर था।”
इस पर लोक निर्माण मंत्री प्रदेश साहिब सिंह ने कहा कि आप नेता झूठ बोल रहे हैं और लोगों को गलत जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री सिंह की तरह मैंने भी चैपजीपीटी से पूछा कि दिल्ली विधानसभा में फांसी घर की खोज किसने की, उसका उत्तर श्री रामनिवास गोयल के तौर पर आया है।

