
सीधी। जिले की बहरी पुलिस ने दबिश कार्यवाही में गोपद नदी से अवैध रेत उत्खनन करते मिनी ट्रक को जप्त करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में खनिज माफियाओं के विरुद्ध कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में थाना प्रभारी बहरी, निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोपद नदी में दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन की कोशिश को नाकाम करते हुए वाहन व आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने थाना प्रभारी बहरी को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि गोपद नदी से कुछ लोग अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन की तैयारी में हैं। सूचना की तस्दीक हेतु तत्काल पुलिस टीम को रवाना किया गया। पुलिस टीम ने जब नदी किनारे बालू घाट पर रेड की, तो वहां एक पीले-सफेद रंग का 407 वाहन खड़ा मिला, जिसमें मजदूर फावड़ा-तगाड़ी से अवैध रेत लोड कर रहे थे।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागे मजदूर-
पुलिस की आहट पाते ही रेत लोड कर रहे मजदूर अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन चालक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूंंछताछ में चालक ने अपना नाम आकाश शुक्ला पिता श्यामाचरण शुक्ला उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम जनकपुर कुचवाही बताया। वाहन की ट्राली की जांच करने पर उसमें 20-25 तगाड़ी अवैध रेत लोड पाई गई।
जप्ती एवं वैधानिक कार्यवाही-
पुलिस ने घटना स्थल से अवैध रेत के उत्खनन में प्रयुक्त फावड़ा, तगाड़ी सहित 407 वाहन को जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया है। आरोपी चालक के विरुद्ध खनिज अधिनियम व संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय , प्रधान आरक्षक रामसुन्दर साकेत, आरक्षक राजकमल, प्रभात, नन्दलाल यादव का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।
