आष्टा। नगर के वार्ड क्रमांक 18 स्थित मारुपुरा क्षेत्र में दर्जी समाज द्वारा नपा को दान की गई भूमि पर अतिक्रमण को लेकर सोमवार को पूर्व पार्षद व भाजपा नेता कालू भट्ट द्वारा नपा कार्यालय के सामने धरना दिया गया. इस प्रदर्शन में समाजजन, हिंदू उत्सव संगठन, सकल हिंदू समाज के पदाधिकारी, पार्षद एवं नागरिक शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि दान की गई भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण बना हुआ है. इस संबंध में कई बार नपा से शिकायतें की गईं और कार्रवाई का आश्वासन भी मिला, लेकिन अतिक्रमण नहीं हट सका. करीब चार घंटे तक चले धरने के दौरान नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की औरआश्वासन दिया कि दो दिनमें भूमि की तार फेंसिंग कर उसे सुरक्षित कराया जाएगा तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी.
आश्वासन मिलने के बाद समाजजनों ने धरना समाप्त कर दिया. इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे और व्यापक आंदोलन किया जाएगा.
