
नीमच। देश की प्रमुख कृषि उपज मंडियों में शुमार नीमच कृषि उपज मंडी में तीन दिन के अवकाश के बाद सोमवार को लहसुन की बंपर आवक देखने को मिली। मंडी में करीब 12 हजार कट्टे लहसुन की आवक दर्ज हुई। बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे, जिसके चलते दिनभर मंडी परिसर में किसानों और व्यापारियों की चहल-पहल बनी रही।
कुछ गुणवत्ता के लहसुन में 5 से 10 रुपए की तेजी
लहसुन के भाव में बाजार का रुख मिलाजुला रहा। कुछ गुणवत्ता के लहसुन में करीब 5 से 10 रुपए की तेजी दर्ज की गई। बेहतर गुणवत्ता और अच्छी ग्रेड का माल लेकर पहुंचे किसानों को अपेक्षाकृत अच्छे भाव मिले, जिससे ऐसे किसानों में संतोष नजर आया।
वहीं कमजोर गुणवत्ता के लहसुन को उम्मीद के अनुरूप भाव नहीं मिलने से कुछ किसानों में मायूसी भी देखने को मिली। मंडी में लहसुन के भाव में गुणवत्ता के आधार पर अंतर स्पष्ट नजर आया। अच्छी गुणवत्ता के माल की मांग बनी रही, जबकि कमजोर माल के भाव अपेक्षाकृत कम रहे।
बैंक हड़ताल को लेकर किसानों में असमंजस
इधर बैंक हड़ताल की चर्चा के चलते किसानों में भुगतान को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी रही। कुछ किसानों को उपज बेचने के बाद भुगतान में देरी की आशंका थी। इसके चलते कुछ किसानों ने सोमवार को अपनी उपज मंडी में लाने से परहेज किया।
तीन दिन के अवकाश के बाद मंडी खुलने पर लहसुन की आवक में जोरदार बढ़ोतरी देखने को मिली। हालांकि गुणवत्ता के अनुसार भाव में अंतर रहने से मंडी में कहीं किसानों के चेहरों पर संतोष नजर आया तो कहीं अपेक्षित भाव नहीं मिलने से मायूसी दिखाई दी।
