
जौरा। जौरा से करीब तीन किलोमीटर दूर मईगांव में बुधवार को पुलिस दबिश के दौरान सूरज अग्रवाल उर्फ कल्ली की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार सूरज किसी काम से मईगांव गया था। वहां जुआ चल रहा था, जहां वह उत्सुकतावश खड़ा हो गया। इसी दौरान पुलिस ने दबिश दी। परिजनों का कहना है कि पुलिस को देखकर सूरज घबरा गया और उसे आशंका हुई कि कहीं पुलिस उसे झूठे आरोप में गिरफ्तार न कर ले।
परिजनों के अनुसार पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से आरोप है कि घटनास्थल पर पुलिस ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। पुलिस उसे स्थानीय अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। घटना के विरोध में मृतक के जीजाजी नीरज गोयल ने व्यापारियों व अन्य लोगों के साथ जौरा बाजार बंद कराया। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।
