
खंडवा।इंदिरा सागर बांध से डूब प्रभावित किसान दशरथ को 48 लाख रुपये मुआवजा न मिलने पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला न्यायालय की टीम ने बुधवार को एनएचडीसी कार्यालय में कुर्की की कार्रवाई की। करीब तीन घंटे चली इस कार्रवाई में कंप्यूटर, प्रिंटर, इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किया गया। पीड़ित पक्ष के वकील प्रणेंद्र राकां ने इसे न्याय की जीत बताया। एनएचडीसी की वकील सुनीता रेवारी ने कहा कि आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देंगे। बताया जा रहा है कि ऐसे अन्य मामलों में करोड़ों का मुआवजा लंबित है।
