
टीकमगढ़। मैं…अपनी मां को बहुत प्यार करता हूं…लेकिन मैं मुस्कान के लिए जान दे रहा हूं। मुस्कान मुझे 7-8 साल ब्वॉयफ्रेंड बनाए रही, लेकिन उसने कोई नया बॉयफ्रेंड बना लिया। मैंने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी इसलिए मैं अब अपनी जान दे रहा हूं। यह शब्द शहर के शिवनगर कोलोनी में रहने वाले शिवम यादव के थे। उसने एक वीडियो में यह बोलकर स्वयं फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर डाली। जानकारी के अनुसार शिवम किसी मुस्कान नाम की लड़की से बेहद प्रेम करता था, लेकिन उससे धोखा मिलने के बाद उसने यह कदम उठाया । अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक सतगुंवा गांव के रहने वाले भगवानदास यादव अपने परिवार के साथ टीकमगढ़ में शिवनगर कालोनी में रहा करते थे। आज दोपहर के समय भगवानदास के पुत्र शिवम यादव ने घर के अंदर ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। घटना की जानकारी लगते ही मृतक का भाई वहां पहुंचा और अपने परिजनों के साथ शिवम को फांसी के फंदे से उतारकर जिला चिकित्सालय लाए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शिवम यादव के शव का पीएम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इसी दौरान वहां मौजूद परिजनों ने शिवम यादव द्वारा बनाए गए मरने के पहले वाले वीडियो को मीडिया कर्मियों को दिखाकर मामले की जांच बारीकी से कर कार्यवाही की मांग की है। वहीं इस मामले में मृतक के परिजनों ने बताया है कि पुलिस ने शिवम यादव के फोन को जब्त कर लिया है। मृतक के चचेरे भाई ने कहा है कि उसके पास भी सतगुंवा से पुरुषोत्तम यादव, दीपू यादव एवं अनुराग यादव ने फोन कर धमकियां दी थी मैं उस समय झांसी में था, लेकिन जब टीकमगढ़ पहुंचा तो पता चला कि मेरा चचेरा भाई शिवम यादव अब इस दुनिया में नहीं रहा। इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी ने कहा है कि मामले में मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया है. जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।
