इंदौर: शहर के हृदय स्थल राजवाड़ा क्षेत्र में रविवार रात को पाकिस्तान के झंडे का एक पोस्टर सड़क पर चिपका मिला. पोस्टर पर पाकिस्तान इस्लामिक आतंकवाद मुर्दाबाद लिखा हुआ है. यह पोस्टर मुख्य मार्ग पर चिपका हुआ था और सुबह तक राहगीर व वाहन चालक इसी के ऊपर से गुजरते रहे. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने यह पोस्टर सड़क पर चिपकाया, लेकिन किसने और किस उद्देश्य से इसे लगाया, इसका अब तक पता नहीं चल सका है.
पोस्टर को लेकर लोगों में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ लोगों ने इसे आतंकवाद के खिलाफ विरोध का प्रतीक माना, तो कुछ ने इसे धार्मिक भावना भड़काने की कोशिश बताया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टर को हटवाया. फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पोस्टर लगाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके. मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर छानबीन कर रही है.
