इंदौर: विकास और मानव विकास को नई दिशा देने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में सिटी बस कार्यालय सभागार में इंदौर नगर निगम की एमआईसी (मेयर इन काउंसिल) ने विशेष बैठक आयोजित कर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाए जा रहे नारी शक्ति वंदन अधिनियम कानून को महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया गया।
बैठक में यह संकल्प लिया गया कि अधिनियम के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। नगर निगम के प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से महिला पार्षदों और शहर की सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को राजनीति में अधिक अवसर देगा और देश के नेतृत्व में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा
बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नारी शक्ति के निर्णय हमेशा देश को नई दिशा देते हैं और उसकी दशा को मजबूत बनाते हैं। महिला आरक्षण बिल के माध्यम से लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा, जिससे देश को एक सूत्र में बांधने में मदद मिलेगी। साथ ही अधिक से अधिक महिलाओं को राजनीति में आगे लाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात भी कही गई।
शहर विकास के अन्य अहम फैसले
एमआईसी बैठक में शहर के विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
कुशवाह नगर में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई। शहर में 25 नए स्मार्ट टॉयलेट बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
