साहब..थाने के चक्कर काट रहा हूं, पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही 

जबलपुर। खितौला थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 9 मुंडिटोरिया निवासी कपड़ा और मोबाइल व्यापारी के सूने घर से चोरों ने साढ़े पांच लाख रुपये नकद और पुश्तैनी जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया था। पीड़ित द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर पुलिस को सौंपने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़ित आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आरोप लगाया कि थाने के कई चक्कर काटने के बाद भी पुलिस केवल आश्वासन दे रही है।

व्यापारी मोहम्मद इरफान ने बताया कि वे ईद का त्यौहार मनाने के लिए 20 मार्च 2026 की रात अपने परिवार के साथ गोसलपुर स्थित पैतृक निवास गए थे। अगले दिन सुबह जब उन्होंने मोबाइल पर घर के सीसीटीवी कैमरे चेक किए, तो घर के बाहर खड़ी नीले रंग की स्कूटी गायब मिली। जब वे आनन-फानन में घर पहुंचे, तो देखा कि ताले टूटे हुए थे और घर के अंदर रखे 5,50,000 रुपये नकद समेत कीमती सामान गायब था। पीड़ित ने स्वयं सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और अपनी छानबीन के आधार पर आरोपी की पहचान राजकुमार रजक निवासी ग्राम सिमरा कला, तहसील रीठी जिला कटनी के रूप में की है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी एक आदतन अपराधी है और उस पर अन्य थानों में भी मामले दर्ज हैं। पीड़ित का आरोप है कि वे खितौला पुलिस बल के साथ आरोपी के गांव सिमरा कला तक होकर आए हैं। आरोपी की पहचान पुख्ता होने के बाद भी थाना प्रभारी द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि थाने के कई चक्कर काटने के बाद भी पुलिस केवल आश्वासन दे रही है। थाना स्तर पर सुनवाई न होने से हताश होकर मोहम्मद इरफान ने अब पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है। मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग है। साथ ही चोरी गया सामान बरामद कर वापस दिलाया जाए।

Next Post

केंद्र ने शीर्ष अदालत से कहा, लैंगिक समानता के चश्मे से नहीं देखी जा सकतीं ज़रूरी धार्मिक प्रथाएं

Tue Apr 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 अप्रैल (वार्ता) उच्चतम न्यायालय में सबरीमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश से जुड़े 2018 के फैसले की समीक्षा याचिकाओं पर अंतिम सुनवाई शुरू हो गई है। केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि सभी संवैधानिक प्रश्नों को केवल लैंगिक समानता के […]

You May Like