
चंदला। सरबई मार्ग स्थित ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के पास मंगलवार को एक स्कूली मारुति वैन में गैस भरते समय अचानक आग लग गई। यह वैन स्कूल में बच्चों को लाने ले जाने के लिए उपयोग में लाई जाती थी। गनीमत यह रही कि घटना के समय वाहन में कोई बच्चा मौजूद नहीं था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल के पास खड़ी मारुति वैन (क्रमांक यूपी 93 एवाई 9280) में गैस भरी जा रही थी, तभी अचानक आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के दौरान दो बार तेज आवाज भी सुनाई दी। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक वैन पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग की चपेट में पास खड़ी एक साइकिल, एक बग्घी और एक हाथ ठेला भी आ गए। आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय नागरिकों, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की मदद से आग को नियंत्रित किया गया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। समय पर आग पर काबू पा लेने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
