
भोपाल। मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। वर्ष 2003 की मूल वोटर लिस्ट से मिलान के दौरान कुल 1 लाख 16 हजार मतदाताओं का रिकॉर्ड नहीं मिल पाया, जिन्हें अब चिन्हित कर आज से नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके साथ ही दावे-आपत्तियों का दौर भी शुरू हो गया है, जो अगले एक महीने तक चलेगा। इस अवधि में नए नाम जोड़े जाएंगे, गलत प्रविष्टियां हटेंगी और आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद मतदाता सूची से कुल 4 लाख 38 हजार नाम हटाए जा चुके हैं। इनमें वे मतदाता शामिल हैं, जो नो मैपिंग श्रेणी में आए यानी SIR सर्वे के दौरान 2003 की वोटर लिस्ट के अनुरूप अपना डेटा प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे मतदाताओं को अब अगले 50 दिनों के भीतर आवश्यक रिकॉर्ड प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता ने बताया कि सूची का प्रकाशन किया जाएगा और इसके बाद 22 जनवरी तक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अपने-अपने बूथ पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान फॉर्म-6, 7 और 8 प्राप्त किए जाएंगे। SIR में नो मैपिंग में आए मतदाताओं को नोटिस जारी होंगे और तय समय सीमा में दस्तावेज देने होंगे।
विधानसभा-वार स्थिति: असंतुलन साफ दिखा
नरेला: 6,138 मृत, 65,356 स्थानांतरित, 6,098 अनुपस्थित, 528 दोहराव कुल 81,235 नाम हटे।
गोविंदपुरा: 61,282 स्थानांतरित, 25,590 अनुपस्थित, 6,311 मृत, 777 दोहराव सबसे अधिक 97,052 नाम कटे।
बैरसिया: मृत 2,518, अनुपस्थित 1,779, स्थायी स्थानांतरण 7,816, दोहराव 718 सबसे कम 12,903 नाम हटे।
हुजूर: 25,202 अनुपस्थित, 32,078 स्थानांतरित, 5,667 मृत, 2,302 दोहराव।
भोपाल मध्य: चारों श्रेणियों में 67,304 नाम।
दक्षिण-पश्चिम: 63,433 नाम।
भोपाल उत्तर: 51,058 नाम नाम सूची से हटाए गए।
