पांच आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर-ट्राली समेत घटना में प्रयुक्त 2 बाइक भी बरामद
सतना :अहरी में खड़े ट्रैक्टर ट्राली को चुराकर गिरोह के सदस्य उसे बेचने की फिराक में लगे हुए थे. लेकिन इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोच लिया. आरोपियों के कब्जे से चुराई गई ट्रैक्टर ट्राली सहित घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त कर ली गईं.उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार बडख़ुरा गांव के निवासी राजभान सिंगरौल द्वारा थाने पहुंचकर अपने ट्रैक्टर ट्राली के चोरी हो जाने की शिकायत की.
राजभान द्वारा पुलिस को बताया कि उन्होंने अपना ट्रैक्टर घर के आगे बने अहरी में खड़ा था. 6 जुलाई की रात को लगभग 12 बजे के आस पास उसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया. फरियादी की शिकायत पर पुलिस द्वारा धारा 303 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरु की गई. गठित की गई पुलिस द्वारा घटना स्थल सहित आस पास के गांव सहित अन्य क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली की तलाश शुरु की.
इसी दौरान सोमवार को पुलिस को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली कि सतना के गहरा नाला क्षेत्र में यादव धर्म कांटा के निकट कुछ लोग मौजूद हैं जो ट्रैक्टर बेचने के संबंध में चर्चा कर रहे हैं. इस सटीक सूचना को गंभीरता से लेते हुए फौरन ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी. जहां पर घेराबंदी करते हुए 5 लोगों को दबोच लिया गया.
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अतुल कुशवाहा 23 वर्ष निवासी अतहरा, मोहित कुशवाहा 24 वर्ष निवासी गुडहुरु, अक्षय उर्फ कनक विश्वकर्मा 19 वर्ष निवासी बडख़ुरा, शुभम सिंह 20 वर्ष निवासी जमुना और आशीष सिंह 20 वर्ष निवासी पिथयपुर के तौर पर हुई. पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने चेराया गया ट्रैक्टर ट्राली बरामर कर लिया. जिसकी कीमत 6 लाख रु आंकी गई. इसी कड़ी में आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्त तकरीबन 1 लाख 35 हजार रु की दो मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया गया.
