बीजेआई ने आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली अपनाए जाने की फिर से की मांग

ढाका, (वार्ता) बंगलादेश की जमात-ए-इस्लामी (बीजेआई) पार्टी ने शुक्रवार को एक बार फिर अगले साल होने वाले संसदीय चुनावों से पहले आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली को अपनाने की माँग की है।

डेली स्टार अखबार के अनुसार पार्टी के महासचिव मिया गुलाम पोरवार ने शुक्रवार को बैतुल मुकर्रम राष्ट्रीय मस्जिद में एक रैली को संबोधित करते हुए जुलाई चार्टर को लागू करने से पहले एक जनमत संग्रह कराए जाने की मांग की। साथ ही उन्होंने मांग की कि आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली पर भी जनता को सीधे फ़ैसला लेने की अनुमति दी जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि जुलाई चार्टर बंगलादेश में 2024 की जुलाई क्रांति के बाद राजनीतिक सुधारों का एक घोषणापत्र है। यह संवैधानिक, चुनावी और प्रशासनिक सुधारों को लागू करने का प्रस्ताव रखता है। इसे 30 राजनीतिक दलों तथा अंतरिम सरकार के बीच आम सहमति के आधार पर तैयार किया गया है।

देश के अधिकांश राजनीतिक दल हालांकि चार्टर पर जनमत संग्रह कराने के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गए हैं, लेकिन जनमत कराए जाने के समय को लेकर अभी मतभेद बना हुआ है। बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) हालांकि ‘फर्स्ट पास्ट फर्स्ट पोस्ट’ व्यवस्था को बनाए रखने का पक्षधर है, लेकिन जमात और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) एवं कई अन्य दल आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली को अपनाए जाने की मांग कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि जमात अन्य दलों के साथ मिलकर अपने पांच मांगों को लेकर एक से नौ अक्टूबर तक देश भर में रैलियां आयोजित कर रहा है। इन पांच मांगों में जुलाई चार्टर को पूरी तरह लागू करना और अगले चुनाव को आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत करवाने की मांग भी शामिल है।

 

 

Next Post

भारत-अफगानिस्तान के रिश्तों में नई गर्माहट

Sat Oct 11 , 2025
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी की भारत यात्रा ने दक्षिण एशिया की कूटनीति में एक नया अध्याय खोल दिया है. यह यात्रा केवल औपचारिक राजनयिक संवाद नहीं, बल्कि 2021 में अशरफ गनी सरकार के पतन और तालिबान शासन की पुनस्र्थापना के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच उच्च-स्तरीय […]

You May Like