रेनॉ समूह के शीर्ष प्रबंधन दल में बड़े बदलाव

पेरिस, 01 सितंबर (वार्ता) फ्रांसीसी कार निर्माता कंपनी रेनॉ ने अपने संगठन और शीर्ष प्रबंधन में कई बड़े बदलाव की घोषणा की घोषणा की जो तत्काल प्रभाव से लागू कर दिये गये हैं।

इस साल 31 जुलाई को समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फ्रैंकोइस प्रोवोस्ट की नियुक्ति के बाद ये बदलाव किये गये हैं । श्री प्रोवोस्ट ने कहा है कि भविष्य की चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए हमें ऐसे संगठन की जरूरत है जो तेजी से फैसले कर सके और उसे अच्छे तरह क्रियान्वित करने के साथ ग्राहकों से जुड़ा रहे है।

कंपनी की ओर से एक बयान में कहा कि फैब्रिस कैम्बोलिव को नये बनाये गये मुख्य विकास अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है। साथ ही वह रेनॉ ब्रांड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बने रहेंगे। वह रेनॉ के साथ डेशिया ब्रांड की गतिविधियों की भी निगरानी करेंगे। वह समूह के अंतर्राष्ट्रीय विकास का भी नेतृत्व करेंगे जिसमें भारत, लातिन अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बाजार शामिल हैं। उन पर डिजिटल मार्केटिंग, डीलर नेटवर्क, बिक्री बाद की सेवाओं और समूह के अपने रिटेल स्टोर में ग्राहकों के लिए अच्छा अनुभव उपलब्ध कराने की भी जिम्मेदारी होगी।

कैटरिन एडिट को डेनिस ली वोट की जगह डेशिया का नया सीईओ नियुक्त किया गया है जिन्होंने पद से हटने का फैसला किया है। वह मुख्य विकास अधिकारी को रिपोर्ट करेंगी। फिलिफ ब्रुनेट को नया मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह रेनॉ समूह और एम्पियर दोनों की अभियांत्रिकी का प्रबंधन करेंगे। यह पद भी नया बनाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य नवाचार को बढ़ावा देना है। कंपनी में दुबारा इलेक्ट्रिक वाहनों को गति देने का श्रेय उन्हें जाता है।

वह फिलिप क्रीफ की जगह लेंगे जो एल्पाइल के सीईओ बने रहेंगे और पूरी तरह उसी पर फोकस करेंगे।

एंटनी प्लूवियर को मुख्य खरीद अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह फ्रैंकोइस प्रोवोस्ट की जगह लेंगे। रेनॉ ब्रांड की मानव संसाधन विभाग की प्रमुख रही क्लेयर फेनेट को मुख्य जन एवं संगठन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह ब्रुनो लाफोर्ज की जगह लेंगी जिन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया है। क्रिश्चन स्टेन को मुख्य संचार अधिकारी बनाया गया है।

 

Next Post

चल समारोह में डीजे का उपयोग पूर्णतः रहेगा प्रतिबंधित

Tue Sep 2 , 2025
इंदौर: शहर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के अनंत चतुर्दशी चल समारोह को लेकर व्यापक तैयारियां जारी है, समारोह के दौरान की जाने वाली जिला प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं को लेकर आज यहां कलेक्टर श्री आशीष सिंह की अध्यक्षता में झांकी और अखाड़ा संचालकों तथा अधिकारियों की संयुक्त बैठक […]

You May Like