इंदौर: शहर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के अनंत चतुर्दशी चल समारोह को लेकर व्यापक तैयारियां जारी है, समारोह के दौरान की जाने वाली जिला प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं को लेकर आज यहां कलेक्टर श्री आशीष सिंह की अध्यक्षता में झांकी और अखाड़ा संचालकों तथा अधिकारियों की संयुक्त बैठक कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की गई.
बैठक में अनंत चतुर्दशी चल समारोह के सुव्यवस्थित और प्रभावी आयोजन के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिये गए. निर्णय लिया गया कि इंदौर की परंपरा को कायम रखने के लिए झांकी बनाने वाली मिलो को जिला प्रशासन द्वारा दो-दो लाख रुपए रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी. साथ ही निर्णय लिया गया कि समारोह के दौरान डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। डीजे पाए जाने पर तुरंत जप्त कर लिया जायेगा. बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह, डीसीपी हंसराज सिंह, अपर कलेक्टर रोशन राय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
समय पर निकालना होंगे
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि इंदौर की गौरवशाली परंपरा को हर हाल में कायम रखा जाए. परंपरा के अनुसार ही झांकी और अखाड़े निकाले जाए. डीजे का उपयोग किसी भी हालत में नहीं करें। डीजे पाए जाने पर उन्हें जप्त कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस बार झांकी और अखाड़ा संचालकों को अपनी झांकी और अखाड़े समय पर निकालने होंगे. अखाड़े और झांकी संचालन के संबंध में प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी अखाड़े और झांकी नियम और निर्देशों का पालन करें.
अनुशासन का रखें ध्यान
बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी, उन्होंने कहा कि अनुशासन एवं समय का विशेष ध्यान रखें। सुरक्षा के सभी प्रबंध अखाड़ा और झांकी संचालक भी अपने स्तर से भी सुनिश्चित करें. ऐसी व्यवस्था बनाए रखें जिससे कि किसी को कोई परेशानी नहीं हो. उन्होंने कहा कि चल समारोह के दौरान हाथी, घोड़ा, ऊंट सहित अन्य जानवरों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा.
