हड़ताल का डर, होली से पहले बसों में बढ़ी भीड़

जबलपुर: आईएसबीटी जबलपुर से संचालित लगभग सभी रूटों की बसों में इन दिनों असामान्य भीड़ देखी जा रही है। मजदूर, विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग 2 मार्च से होने वाली बस ऑपरेटरों की संभावित हड़ताल को देखते हुए पहले ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। जिससे बसों में भीड़ बढ़ने लगी है,कई बसों में यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। आमतौर पर होली से एक-दो दिन पहले यात्रियों की संख्या बढ़ती है, लेकिन इस बार 2 मार्च से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण भीड़ पहले ही उमड़ पड़ी है। ग्रामीण और छोटे शहरों की ओर जाने वाली बसों में सबसे अधिक दबाव देखा जा रहा है।
बस ऑपरेटरों का सर्वसम्मत निर्णय
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सागर में हुई बैठक में मध्यप्रदेश बस ऑपरेटर ऑनर एसोसिएशन के बैनर तले प्रदेशभर के बस ऑपरेटरों ने 2 मार्च से पूरे मध्यप्रदेश में हड़ताल का फैसला लिया है। ऑपरेटरों का कहना है कि नई परिवहन नीति से उन्हें आर्थिक नुकसान होगा और छोटे संचालकों के लिए संचालन कठिन हो जाएगा।
यात्रियों को त्यौहार में घर पहुंचने की चिंता
हड़ताल की घोषणा के बाद आम यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। कई लोगों का कहना है कि यदि बस सेवाएं बंद हुईं तो उनके पास यात्रा का कोई वैकल्पिक साधन नहीं बचेगा। इसी आशंका के चलते बस स्टैंडों पर लंबी कतारें लग रही हैं। वहीं फिलहाल तो लोगों को त्यौहार में घर पहुंचने की जल्दी है, अगर हड़ताल होती है तो मुश्किलें वापस लौटने की होंगी।
आगे और बढ़ सकती है भीड़
परिवहन विभाग के अनुसार, कल 2 मार्च के पहले ही आज रविवार को बसों में भीड़ और बढ़ सकती है। शनिवार को भी बसों में यही नजारा देखने को मिला था, लोग होली के पहले ही अपने घर जाने को निकल पड़े हैं। यदि सरकार और बस ऑपरेटरों के बीच जल्द समाधान नहीं निकला, तो होली के दौरान प्रदेशभर में यात्री व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो सकती है।

Next Post

मल्टी-डिसिप्लिनरी शिक्षा एक साथ कई विषय पढ़ने की देती है सुविधा : कुलगुरु

Sun Mar 1 , 2026
जबलपुर: मल्टी-डिसिप्लिनरी (बहुविषयक) शिक्षा छात्रों को एक साथ कई विषय पढ़ने की लचीली सुविधा देती है, जिससे रचनात्मकता-आलोचनात्मक सोच और समस्या-समाधान कौशल का विकास होता है। यह शिक्षा प्रणाली छात्रों को पारंपरिक सीमाओं से बाहर निकलकर जटिल वास्तविक दुनिया की समस्याओं को सुलझाने और बदलते रोजगार बाजार के अनुकूल बनने […]

You May Like