
मुम्बई, 04 मई (वार्ता) निकोलस पूरन (63), मिचेल मार्श (44) और हिम्मत सिंह (नाबाद 40) की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 47वें मुकाबले में मम्बई इंडियंस के खिलाफ पांच विकेट पर 228 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
आज यहां मुम्बई इंडियंस ने टॉस जीत पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट़स की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 29 के स्कोर पर जॉश इंग्लिस पांच गेंदों में (13) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद निकोलस पूरन और मिचेल मार्श की जोड़ी ने दूसरे विकेट लिए 94 रन जोड़े। दोनों बल्लेबाजों ने महज 8.1 ओवर में लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 129 पर पहुंचा था। इसी दौरान नौवें ओवर की पहली गेंद पर कॉबिन बॉश ने मिचेल मार्श को आउट कर मुम्बई इंडियंस को दूसरी सफलता दिलाई। मार्श ने 25 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 44 रन बनाये। इसके बाद मुम्बई के गेंदबाजों ने कप्तान ऋषभ पंत (15) और अंगकृष्ण रघुवंशी (11) रन आउट मैच पर पकड़ बनाने का प्रयास किया। इसके बाद हिम्मत सिंह और एडन मारक्रम ने पारी को संभला और निर्धारित 20 ओवरों में लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 228 रन पर पहुंचा दिया। एडन मारक्रम ने 25 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 31 रन बनाये। हिम्मत सिंह ने जसप्रीत बुमराह के ओवर में मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 31 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 40 रन ठोक डाले।
मुम्बई इंडियंस के लिए कॉबिन बॉश ने दो विकेट लिये। एम गजनफर, विल जॉक्स और रघु शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
