भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा में शुक्रवार को कांग्रेस विधायकों ने किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक हाथों में भारतीय जन उर्वरक परियोजना के पीले खाद के बैग और विभिन्न नारों वाली तख्तियां लेकर पहुंचे। उन्होंने सरकार पर किसानों से किए वादों को निभाने में विफल रहने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने किसान को खाद चाहिए, जुमला नहीं, दुगनी आय का वादा, निकला झूठा इरादा, और खेत सूने, मंडी वीरान,खाद के बिना तड़पे किसान जैसे नारे लिखी तख्तियां हाथों में थाम रखी थीं।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में किसान खुद भूखा है, जबकि खाद और समर्थन मूल्य जैसे मुद्दों पर सिर्फ घोषणाएं होती हैं.
जमीन पर कोई काम नहीं होता। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता उमंग सिंघार और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।कांग्रेस ने मांग की कि सरकार तत्काल किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराए और खाद वितरण की निगरानी सुनिश्चित करे ताकि किसान समय पर खेती कर सकें।
